देहरादून : देश भर में भाजपा सरकार की बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस हंगामा करने जा रही है. 4 सितंबर को AICC के आह्वान पर दिल्ली में महंगाई के खिलाफ रैली होने जा रही है. यह रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी. इस रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में बैठक की गई. इस बैठक में दिल्ली में होने वाली महारली को लेकर रणनीति तैयार की गई।

महारैली को लेकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में जिले के अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, सहायक संगठनों, विभागों और कांग्रेस पार्टी के प्रकोष्ठों ने भाग लिया. बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विपक्ष के नेता यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित सभी विधायक शामिल हुए. इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में दिल्ली आने के लिए बुलाया गया है.
बैठक में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दिल्ली महंगाई के खिलाफ गूंजने वाली है और भारत दहाड़ने वाला है. उन्होंने कहा कि जनता पर महंगाई का बोझ डालने वाली सरकार के खिलाफ कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता नारेबाजी करने दिल्ली जा रहे हैं. हरीश रावत का कहना है कि इसमें सभी राज्यों के सक्रिय कार्यकर्ता जुटेंगे. उन्हें उम्मीद है कि महंगाई के खिलाफ रैली में तीन से चार राज्यों के कम से कम पांच लाख कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे. इनमें से करीब बीस हजार कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तराखंड से हिस्सा लेंगे।
वहीं, बढ़ती महंगाई पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आम आदमी की जरूरत की वस्तुओं पर जीएसटी लगाकर लोगों की कमर तोड़ दी है. ऐसे में 2 जून की रोटी के लिए भी गरीब आदमी को संघर्ष करना पड़ रहा है.

