डोईवाला : देहरादून के डोईवाला चौक की तस्वीर बदलने वाली है. चौक पर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही डोईवाला चौक पर तिरंगा फहराया जाएगा।
गुरुवार को डोईवाला चौक के सौंदर्यीकरण के लिए नगर विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भूमि पूजन कर आधारशिला रखी. मंत्री अग्रवाल ने कहा कि शहीद मेजर दुर्गा मल्ल आजाद हिंद फौज के पहले गोरखा सिपाही थे. उन्होंने लड़ाई लड़ते हुए देश के लिए बलिदान दिया था।

डोईवाला नगर पालिका के सदस्य गौरव मल्होत्रा ने बताया कि बोर्ड की बैठक में प्रतिमा स्थापित करने और 100 फीट पर तिरंगा फहराने का प्रस्ताव दिया गया. उन्होंने कहा कि जब देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की विशाल प्रतिमा विराजमान होगी तो उनकी वीरता की गाथा भी लोगों को सुनाई जाएगी. वहीं, 100 फीट की ऊंचाई पर देश का ‘आन बन शान तिरंगा झंडा’ चौक को सुशोभित करेगा।
नगर पालिका के कार्यपालक अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि 18 लाख की लागत से यह कार्य किया जा रहा है. डोईवाला चौक के रेलवे रोड पर काले संगमरमर से बने घोड़े पर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। प्रतिमा को खड़ा करने का काम तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

