मसूरी : शुक्रवार को पर्यटन स्थल मसूरी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मसूरी-देहरादून मार्ग पर सड़क किनारे एक नवजात का सिर कटा शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि एक नवजात का शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा है. जिस पर कोतवाल दिग्पाल सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और पंचनाम भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात की सिर कटी लाश किसने फेंकी है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि देर रात किसी ने नवजात का सिर काट कर शव सड़क किनारे फेंक दिया. उन्होंने कहा कि आसपास के अस्पतालों से भी बच्चे के बारे में जानकारी ली जा रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वालों के बारे में सुराग मिल जाएगा।