हल्द्वानी : काठगोदाम थाना क्षेत्र से गुमशुदा का शव गौला नदी से मिला है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची वनभूलपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस के अनुसार काठगोदाम थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी विनोद चंद्र तिवारी शुक्रवार से घर से लापता था, जहां उसके परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. शनिवार की शाम गौला नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया. शिनाख्त में शव की पहचान विनोद चंद्र तिवारी के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों का कहना है कि विनोद चंद्र शुक्रवार से लापता था, जिसकी तलाश की जा रही थी.

बताया जा रहा है कि विनोद मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, जिसका इलाज भी चल रहा था. वनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।