मुंबई: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार कल सुबह 10 बजे मुंबई के वर्ली श्मशान घाट में किया जाएगा. बता दें कि रविवार को सायरस मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत हो गई थी. हादसा मुंबई से करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। महाराष्ट्र के पालघर जिले में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। साइरस मिस्त्री मर्सिडीज कार से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
मुंबई के जेजे अस्पताल में किया गया पोस्टमॉर्टम
टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री और एक अन्य व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद यहां के सरकारी जेजे अस्पताल के डॉक्टरों ने रविवार देर रात पोस्टमार्टम किया. यह जानकारी अस्पताल के अधिकारियों ने दी। गौरतलब है कि रविवार दोपहर महाराष्ट्र के पालघर जिले में साइरस मिस्त्री की लग्जरी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार की पिछली सीट पर बैठे मिस्त्री (54) और जहांगीर पंडोले की मौत हो गई. वह गुजरात से लौट रहे थे ।

कार को प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले (55) चला रही थीं और उनके साथ आगे की सीट पर उनके पति डेरियस पंडोले (60) बैठे थे। हादसे में दोनों घायल हो गए और उन्हें गुजरात के वापी शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुंबई के जेजे अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि साइरस मिस्त्री और जहांगीर पंडोले के शव पालघर के कासा उप-जिला अस्पताल से दोपहर 12:05 बजे यहां लाए गए। देर रात 2:27 बजे पोस्टमॉर्टम किया गया। शवों को अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।

