नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में स्थित ऐतिहासिक राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ करने का फैसला केंद्र सरकार ने किया है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) ने राजपथ और सेंट्रल विस्टा लॉन का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ’ करने को लेकर सात सितंबर को विशेष बैठक बुलाई है और प्रस्ताव को परिषद के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा, इंडिया गेट पर नेताजी की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे मार्ग और क्षेत्र को कर्तव्य पथ के रूप में जाना जाएगा। ब्रिटिश काल में राजपथ को किंग्सवे कहा जाता था।

कहा जा रहा है कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से हर तरह की गुलामी से मुक्त होने की बात कही है, तभी से राजपथ का नाम बदलने पर मंथन शुरू हो गया. इसी कड़ी में सरकार ने अब कई वर्षों के बाद राजपथ को कर्तव्य पथ के रूप में नामित करने की घोषणा की है। आपको बता दें कि 8 सितंबर को पीएम मोदी सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन करेंगे. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉडल स्कूलों की तर्ज पर देश भर में 14.500 स्कूलों को विकसित करने की घोषणा की है।