टिहरी : डैम प्रभावित नंदगाव और पयाल गांव के ग्रामीण आज भी धरने पर बैठे हैं. टीएचडीसी आफिस बी पुरम में 6 दिनों से ग्रामीण विस्थापन सहित 7 मांगों को लेकर लगातार आक्रोशित हैं. टीएचडीसी ऑफिस के बाहर ग्रामीण महिलाओं ने पुनर्वास विभाग और टीएचडीसी पर बांध प्रभावितों की अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि झील के कारण गांव में लगातार भूस्खलन हो रहा है. उनकी जमीन और घरों में दरारें आ गई हैं। इसके बावजूद इन्हें बदला नहीं जा रहा है।

समाजसेवी सागर भंडारी ने कहा कि हमारा विरोध जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ नहीं है. हमारा धरना टीएचडीसी के खिलाफ है। टिहरी झील का निर्माण टिहरी बांध परियोजना के कारण हुआ है। टिहरी झील से गांवों को नुकसान पहुंचा है। गांव का विस्थापन सही तरीके से करना होगा।
टीएचडीसी की दमनकारी नीति के खिलाफ सात मांगों को लेकर कार्यकारी निदेशक टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कार्यालय के बाहर 6 दिनों से धरना प्रदर्शन चल रहा है.
नंदगांव की महिला मंजू ने कहा कि टीएचडीसी द्वारा बनाई गई नीति ग्रामीणों के हित में नहीं है. इससे ग्रामीणों को नुकसान हो रहा है। एक अन्य महिला बबीता ने कहा कि हमें टीएसडीसी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने से रोका जा रहा है, जबकि हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने के लिए धरने पर बैठे हैं.
टीएचडीसी के कार्यकारी निदेशक उमेश कुमार सक्सेना ने बताया कि विस्थापन का कार्य जिला प्रशासन एवं पुनर्वास विभाग द्वारा किया जाना है. जो भी मांगें हैं वह जिला प्रशासन और पुनर्वास विभाग से संबंधित हैं. उनका टीएचडीसी से कोई लेना-देना नहीं है। विस्थापन की नीति है। उसी के आधार पर इनका विस्थापन किया जाएगा।

