विकासनगर : विकासनगर के नामी डॉक्टर हंस राज अरोड़ा ने पछवादून के डाकपत्थर में शक्ति नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली. एसडीआरएफ की टीम ने काफी तलाश के बाद शव को बरामद कर लिया है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किस वजह से डॉक्टर ने शक्ति नहर में छलांग लगा दी। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, बीती देर रात करीब साढ़े 10 बजे विकासनगर पुलिस को सूचना मिली कि डाकपत्थर क्षेत्र के शक्तिनगर में एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी है. जिसकी चप्पल और कार पुल नंबर एक के पास खड़ी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम हेड कांस्टेबल सुरेश तोमर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला. रात होने के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा।

वहीं, आज सुबह एसडीआरएफ की टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. इस दौरान शक्ति नहर से हंसराज अरोड़ा का शव बरामद किया गया है. जिसे एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही पोस्टमार्टम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।

हंस राज अरोड़ा थे विकासनगर के मशहूर डॉक्टर: आपको बता दें कि हंस राज अरोड़ा विकासनगर के जाने-माने डॉक्टर थे। उनका विकासनगर में एक क्लिनिक भी था। लेकिन किस वजह से उन्होंने आत्महत्या की, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।