मसूरी : मसूरी निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता अताउर रब का उनके जाखन स्थित आवास पर निधन हो गया. उनके निधन की खबर से मसूरी में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे पत्नी अर्चना रब और दो बेटे अमन और अजहर रब सहित अपना पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह वर्तमान में जाखन देहरादून में रहते थे। उनके निधन पर राजनीतिक प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों ने शोक जताया है.

एडवोकेट अताउर रब अपने समय के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय स्तर के स्केटर में से एक हैं और उत्तर प्रदेश की टीम के तत्कालीन चीफ डी मिशन टीम के साथ मकाऊ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में गए थे। वे राज्य गठन से पूर्व कई वर्षों तक उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग संघ के अध्यक्ष भी रहे। अताउर रब हमेशा मसूरी में साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं और उभरते हुए साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए, उन्होंने कई दशकों तक साहित्यकारों स्वर्गीय सुरेंद्र पुण्डीर, डा0 सुधीर गैरोला आदि के साथ एक साहित्यिक संगठन अलीक का संचालन किया।
मसूरी और देहरादून के प्रसिद्ध साहित्यकार, शायर, कवि थे । अलीक के माध्यम से वह हर महीने मसूरी में साहित्यकारों के घर में साहित्यिक सभाओं का आयोजन करते थे और हस्तलिखित अलीक पत्रिका का संपादन करते थे। उनके निधन पर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, सीएयू अध्यक्ष जोतसिंह गुनसोला,भाजपा मण्डलाध्यक्ष मोहन पेटवाल ,पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, ओपी उनियाल, मसूरी स्पोट्र्स एसोसिएशन अध्यक्ष सूरत सिंह खरकाई, बिजेंद्र पुण्डीर, रूपचंद गुरूजी, अनुज तायल, सुरेश गोयल, बीएस नेगी, नंदलाल सोनकर, ट्रेडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रजत अग्रवाल समेत शहर के लोगों ने शोक जताया है.

