देहरादून : बुधवार को सचिवालय स्थित अपने सभागार में मसूरी और देहरादून की सड़कों की स्थिति में सुधार को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने बैठक की.

मुख्य सचिव ने सड़कों की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए सभी विभागों को दो दिन में (शुक्रवार तक) देहरादून और मसूरी की एक-एक सड़क की तिथिवार पूर्णता योजना तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए एडवांस एंट्री देने की भी बात कही.

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मसूरी में सड़कों के किनारे बिछाई जाने वाली पेयजल पाइपलाइन में भविष्य में कनेक्शन के लिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि फिर से सड़कों को खोदना न पड़े.

उन्होंने मसूरी माल रोड के सौंदर्यीकरण के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपस में समन्वय कर कार्यों में तेजी लाएं.

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों में आ रही समस्याओं का समाधान ढूंढ़कर काम पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि वह स्वयं हर सप्ताह सभी कार्यों की बैठक लेंगे. लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जाएगी।

इस अवसर पर सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी देहरादून सीईओ स्मार्ट सिटी सोनिका एवं मुख्य नगर अधिकारी  मनुज गोयल सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी भी उपस्थित थे.