उत्तराखंड : राष्ट्र स्तरीय जैविक इण्डिया पुरस्कार कार्यक्रम का आज आगरा के एक निजी होटल में समापन हो गया. जिसमें उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन कर्नाटक सरकार के तत्वावधान में किया गया था। मुख्य अतिथि के रूप में बी.सी. पाटिल ने कार्यक्रम में भाग लिया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर के जैविक भारत पुरस्कार में उत्तराखंड को लगातार तीसरी बार प्रथम पुरस्कार मिला है। जैविक उत्पादों के प्रबंध निदेशक विनय कुमार ने कर्नाटक सरकार के कृषि मंत्री से पुरस्कार प्राप्त किया। किसान वर्ग में डोईवाला के किसान जसवीर सिंह को तीसरा पुरस्कार मिला।

दूसरी ओर, हैदराबाद में आईआईएमआर द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह में उत्तराखंड को बेस्ट पर्फोमिंग स्टेट इन प्रमोटिंग ऑर्गेनिक मिलेट्स के लिए पौष्टिक अनाज पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं, राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन है. राज्य सरकार लगातार उस दिशा में काम कर रही है, जो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि किसानों की आय दोगुनी की जाए.
उसी का परिणाम है कि आज उत्तराखंड को कृषि के क्षेत्र में पुरस्कार से नवाजा गया है। मंत्री जोशी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य सरकार उस दिशा में लगातार काम कर रही है, जो राज्य सरकार ने आने वाले पांच वर्षों में उत्तराखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का संकल्प लिया है.

