टिहरी : धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार ने जौनपुर प्रखंड के 40 टीबी मरीजों को गोद लिया है, उन्होंने बताया कि वह इलाज की अवधि में सभी मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करेंगे. जौनपुर संभाग द्वारा सीएचसी थत्यूड़ में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने पीएम मोदी के जन्म दिवस पखवाड़े पर कोरोना टीकाकरण और कोविड-19 में बेहतर कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों को शॉल व सम्मान देकर सम्मान किया.

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2025 तक देश को टीबी मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य रखा है. पीएम मोदी की पहल पर टीबी के मरीजों को उनकी ओर से हर महीने राशन, फल, अंडे आदि पौष्टिक सामग्री दी जाएगी. डीसीबी अध्यक्ष सुभाष रमोला ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर विशेष ध्यान देने को कहा है. उन्होंने सभी लोगों से टीबी उन्मूलन में सहयोग करने की अपील की है, ताकि उत्तराखंड को टीबी मुक्त बनाया जा सके।