देहरादून : केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री से मिनी प्रसाद योजना एवं स्वदेश दर्शन 2.0 के अंतर्गत विभिन्न प्रस्तावों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति देने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने प्रथम चरण में मिनी प्रसाद योजना के तहत 07 प्रस्तावों और स्वदेश दर्शन 2.0’’ के अन्तर्गत जनपद पिथौरागढ़ के आदि कैलाश, गुंजी, दत्तु तथा मुनस्यारी, जनपद चम्पावत के अन्तर्गत चम्पावत तथा चुखा, जनपद उत्तरकाशी के जादौंग, जनपद पौड़ी गढ़वाल में कण्वआश्रम  की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मिनी प्रसाद योजना के तहत जिला अल्मोड़ा दूनागिरी (लागत 3.35 करोड़), जनपद चम्पावत गोरखनाथ मन्दिर (लागत 2.15 करोड़), जनपद पिथौरागढ़ श्री 1008 बालेश्वर महादेव प्राचीन शिव मन्दिर समूह थल (लागत 2.00 करोड़), जनपद पिथौरागढ पाताल भुवनेश्वर मन्दिर गंगोलीहाट (लागत 1.20 करोड़), जनपद चम्पावत बालेश्वर मन्दिर (लागत 1.41 करोड़), जनपद नैनीताल कैंचीधाम (लागत 4.98 करोड़), जनपद चमोली टिमरसैंण (लागत 4.10 करोड़)का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया हैं।

स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत जनपद पिथौरागढ के आदि कैलाश, गुजी, दत्तु तथा मुनस्यारी जनपद चम्पावत के अन्तर्गत चम्पावत तथा चुखा, जनपद उत्तरकाशी के जादौंग जनपद पौडी गढवाल में कण्वआश्रम के लिए प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दी जानी है. मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री से उपरोक्त प्रस्तावों को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

इस मौके पर सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम और सचिन कुर्वे भी मौजूद थे.