उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण। उत्तराखंड को 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के तहत सर्वाधिक फिल्म फ्रेंडली राज्य (विशेष उल्लेख) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बता दें कि 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में वितरण किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने हाथों से विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतने वाली फिल्मी हस्तियों को सम्मानित किया। महानिदेशक, सूचना एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद बंशीधर तिवारी को राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार मिला है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 68वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में उत्तराखंड को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली (स्पेशल मेंशन) अवॉर्ड मिला है. ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए राज्य की जनता को बधाई दी है. पिछले कुछ वर्षों में, उत्तराखंड देश में फिल्मों और धारावाहिकों की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा स्थान के रूप में उभरा है। वहीं, महानिदेशक, सूचना एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद, बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य को यह पुरस्कार मिलने से राज्य में फिल्मों की शूटिंग को और गति मिलेगी.

बताया जा रहा है कि अब राज्य में शूटिंग के लिए कोई फीस नहीं ली जा रही है. नई फिल्म नीति में 1.5 करोड़ रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है। इसके साथ ही शूटिंग के दौरान पुलिस सुरक्षा भी मुहैया करानी होती है। क्षेत्रीय फिल्मों को स्थानीय सिनेमाघरों द्वारा सप्ताह में एक बार अनिवार्य रूप से दिखाया जाना है। फिल्म नीति को और आकर्षक और व्यावहारिक बनाया जा रहा है। इससे राज्य में फिल्म निर्माण क्षेत्र को और प्रोत्साहन मिलेगा। अधिक से अधिक फिल्म निर्माता राज्य में आ सकेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

गौरतलब है कि हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले फिल्म समारोह निदेशालय द्वारा किया जाता है। 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा इस साल जुलाई में की गई थी। इस अवॉर्ड सेरेमनी में इस बार साउथ फिल्मों का बोलबाला है। विजेताओं की सूची में 2020 की फिल्मों के नाम भी शामिल हैं, क्योंकि कोरोना के कारण 2 साल से राष्ट्रीय पुरस्कार का आयोजन नहीं किया गया था।