टिहरी : सीडीओ मनीष कुमार ने उप तहसील मदन नेगी में आयोजित तहसील दिवस में आमजन की समस्याओं को सुनकर 28 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया. इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आम लोगों की समस्याओं का समय से समाधान हो.
तहसील दिवस में लोक निर्माण विभाग, शिक्षा, चिकित्सा, बाल विकास, पेयजल, कृषि, बिजली और समाज कल्याण से संबंधित शिकायतें सामने आईं. ग्राम नेल्डा धारमण्डल के कुंवर सिंह ने अपने आंगन की दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त दीवार के मुआवजे की मांग की. जिस पर सीडीओ ने एसडीएम प्रतापनगर व ईई लोक निर्माण विभाग को 10 अक्टूबर तक मामले का निराकरण कर अवगत कराने का निर्देश दिया. ग्राम खोला के सुरेंद्र सिंह ने दिव्यांग पेंशन दिलाने की मांग की.

उन्होंने बाल विकास अधिकारी व एसडीएम को प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई कर संबंधितों को संतुष्ट करने का निर्देश दिया। ग्राम गणोली के सभी ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में बाहरी लोगों द्वारा 450 नाली भूमि क्रय कर चारों तरफ से फेंसिक करने के कारण ग्रामीणों के आने-जाने का रास्ता बन्द हो गया है. सीडीओ ने एसडीएम प्रतापनगर को दोनों पक्षों को सामने लाकर 15 दिन के अंदर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया.
इस मौके पर एसडीएम प्रेम लाल, एआरटीओ चक्रपाणि मिश्रा, एसीएमओ एलडी सेमवाल, डीएसओ अरूण वर्मा, एएमए संजय खण्डुड़ी, तहसीलदार राजेंद्र गुनसोला आदि मौजूद थे.

