टिहरी गढ़वाल : दीपावली के अवसर पर जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल ने आज विकास भवन एवं जिला समाहरणालय टिहरी गढ़वाल में ”दीपावली आजीविका मेला” शुरू किया है. मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विभिन्न विकास खण्डों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार सामग्री एवं स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया. मेले में आज समाचार लिखे जाने तक सभी विकासखंडों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा कुल 45 हजार माल की बिक्री की जा चुकी है. यह मेला कल जिला कलेक्ट्रेट टिहरी गढ़वाल में भी आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल डॉ. सौरभ गहरवार एवं एस.एस. पांगती पूर्व जिलाधिकारी द्वारा दीपावली आजीविका मेले‘‘ का शुभारम्भ  किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के आयोजन का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को पहचान देना और उनकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है. उन्होंने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों से स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित उत्पादों को खरीदने और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा। मेले में जिलाधिकारी, पूर्व जिलाधिकारी समेत तमाम अधिकारियों व कर्मचारियों ने सामान खरीदा.

पूर्व जिलाधिकारी एस.एस. पांगती ने कहा कि दीपावली आजीविका मेला के माध्यम से स्थानीय महिलाओं द्वारा बनाई गई सामग्री और स्थानीय उत्पादों की पहचान दिलाने का अच्छा प्रयास  है। त्योहारी सीजन में इस मेले के आयोजन से स्थानीय उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ महिलाओं की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्वनिर्मित उत्पाद एवं स्थानीय उत्पाद खूब बिक रहे हैं. भविष्य में भी हम जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किये गये उत्पादों एवं स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिये ऐसे मेलों का आयोजन करेंगे.

मेले में विकासखण्ड देवप्रयाग, जाखणीधार, चम्बा, थौलधार, प्रतापनगर, जौनपुर, कीर्तिनगर, भिलंगना के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए. स्टालों में स्थानीय उत्पाद जैसे यथा गैथ, भंगजीरा, जख्या, मंडवा का आटा, झंगोरा, दालें, तिल आदि के साथ ही महिलाओं द्वारा तैयार की गई सामाग्री यथा अचार, पहाड़ी नमक, जैम, रोटना, हवन सामग्री, धूपबत्ती, मोमबत्ती, एलईडी लड़ियां, स्वेटर, वॉल हेगिंग, साबुन, तेल  आदि की खूब खरीदारी हुई। इसके साथ ही सभी अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा स्टॉल में तैयार किए जा रहे स्थानीय व्यंजनों का भी स्वाद लिया गया।

मेले में पीडी डीआरडीए प्रकाश रावत, डीडीओ सुनील कुमार, सीएमओ डॉ. संजय जैन, एसडीएम टिहरी अपूर्वा सिंह, सीएमएस बौराड़ी अमित रॉय, एएमए जिला पंचायत संजय खण्डूरी, डीपीओ बबीता शाह, अधिशासी अभियन्ता जल संस्थान सतीश नौटियाल सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।