देहरादून : देश को एक करने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करने के लिए उत्तराखंड पुलिस राष्ट्रीय एकता दिवस पर देहरादून मैराथन का आयोजन करेगी । वहीं इस मैराथन में हिस्सा लेने के लिए आप 27 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 2025 तक नशा मुक्त देवभूमि के विजन के तहत रन अगेंस्ट ड्रग्स एंड रन फॉर यूनिटी के संदेश के साथ देहरादून मैराथन 2022 का आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून मैराथन के तीन संस्करणों का सफलतापूर्वक आयोजन किया है। 30 अक्टूबर को आयोजित हो रहे हंस फाउंडेशन देहरादून मैराथन में अब तक कुल 12 हजार लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।

रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 27 अक्टूबर है। 28 और 29 अक्टूबर 2022 को पुलिस लाइन रेसकोर्स देहरादून में मैराथन के प्रतिभागियों को बीआईबी नंबर वितरित किए जाएंगे। वहीं, ‘रन फॉर यूनिटी’ के तहत उत्तराखंड पुलिस देहरादून में 21 किमी और 10 किमी की मैराथन का आयोजन करेगी। जिसमें विजेता प्रतिभागियों को ₹10 लाख के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
मैराथन के लिए आयु वर्ग के अनुसार 3 श्रेणियां होंगी।
जूनियर वर्ग 16 से 20 वर्ष आयु
ओपन कैटेगरी 20 से 45 साल की उम्र
मास्टर श्रेणी 45 वर्ष से अधिक
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए http://ukpolicemarathon2022.in/dehradun-police-marathon-registration और https://play.google.com/store/apps/detailsid=com.dehradun.policemarathon पर पंजीकरण करना होगा। डीजीपी अशोक कुमार ने उत्तराखंड के युवाओं से देहरादून मैराथन 2022 में भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुट होकर देश को एक करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि देहरादून मैराथन का आयोजन 2016 से किया जा रहा है, लेकिन कोरोना काल में दो साल तक देहरादून मैराथन का आयोजन नहीं हो सका। मैराथन में 20 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया है। देहरादून मैराथन में विदेशों से भी लोग शामिल हुए हैं। इस मैराथन में भाग लेने के लिए किसी से कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाता है।

