हरिद्वार : कांग्रेसियों का धरना बहादराबाद थाने के बाहर से खत्म हो चूका है. जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे और एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत के आश्वासन पर कांग्रेसियों ने अनशन तोड़ दिया है . कांग्रेस नेता हरीश रावत ने प्रशासन को 10 नवंबर तक केस ड्रॉप करने का समय दिया है. इसके साथ ही अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई तो दोबारा हड़ताल करने की चेतावनी दी गई है. मामला हरिद्वार पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेसियों के मुकदमे से जुड़ा है।

दरअसल, हरिद्वार पंचायत चुनाव के दौरान बहादराबाद मतगणना केंद्र पर पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ. इस मामले में कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। कांग्रेस इस कार्रवाई का लगातार विरोध कर रही है।

हाल ही में कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत बहादराबाद थाने के बाहर धरने पर बैठ गईं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न और झूठे मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भाजपा के दबाव में मामला दर्ज किया गया है, उन्हें तत्काल वापस लिया जाए.

इतना ही नहीं 21 अक्टूबर को अनुपमा रावत के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता भैंसा गाड़ी लेकर बहादराबाद थाने पहुंचे. अनुपमा रावत और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में ही भैंस को बांध दिया था. इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर बहस हुई। बहादराबाद थाना परिसर में भैंस को बांधने का वीडियो भी वायरल हुआ था.

वहीं कांग्रेस के अन्य विधायक, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और फिर हरीश रावत खुद धरने में शामिल होने के लिए बहादराबाद थाने पहुंचे. उन्होंने रात भर थाने में धरना दिया। हरीश रावत रात के बाद सुबह थाना परिसर में एक्सरसाइज करते दिखे। अब प्रशासन के आश्वासन के बाद उनका धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया है.