देहरादून : भाई दूज के पर्व का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। भाई दूज का पर्व प्रतिवर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। भाई दूज के अवसर पर बहन भाई के माथे पर टीका करती है। आरती उतारकर उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती है ।

मान्यता है कि भाई दूज के दिन बहनों के घर भोजन करने से भाई की आयु बढ़ती है। इस साल भाई दूज के त्योहार की तारीखों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं ज्योतिषियों का कहना है कि इस साल भाई दूज का पर्व दो दिन यानी 26 और 27 अक्टूबर को मनाया जाएगा.
ज्योतिषाचार्य आचार्य विश्वंभर दत्त के अनुसार शास्त्रों के अनुसार भाई दूज का पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को, जिस दिन दोपहर हो, मनाना चाहिए। इस दिन यमराज, यमदूत और चित्रगुप्त की पूजा करनी चाहिए और उनके नाम से अर्घ्य और दीप भी दान करना चाहिए। यदि दोनों दिन दोपहर में द्वितीया तिथि हो तो दूसरे दिन ही भाई दूज का पर्व मनाना चाहिए।
वहीं, ज्योतिषाचार्य भागवत शरण के मुताबिक इस साल 26 और 27 अक्टूबर को यह स्थिति हो रही है. 26 अक्टूबर यानी बुधवार को दोपहर 2.43 बजे से भाई दूज का पर्व मनाना शुभ रहेगा, जो 27 अक्टूबर को दोपहर 1.18 बजे से 3.30 बजे तक रहेगा. उन्होंने कहा कि देश, समय और परिस्थिति के अनुसार उदय तिथि के अनुसार भी यह पर्व मनाया जाता है।
ऐसे में जहां लोग उदय तिथि को मानते हैं वहीं 27 अक्टूबर को भी भाई दूज की पूजा की जा सकती है. ऐसी मान्यता है कि जिन महिलाओं के भाई दूर रहते हैं और वे भाई दूज के दिन उन तक नहीं पहुंच पाते हैं।
इस खास दिन वह तिलक लगाकर नारियल के गोले रखती हैं और फिर मौका मिलने पर वह अपने भाई के घर जाती हैं और यह गोला उन्हें भेंट करती हैं।

