हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड को बारिश का एक और दौर मिलने जा रहा है. कुमाऊं का मौसम बदल गया है। चंपावत, बागेश्वर और रुद्रपुर में जहां रात से ही बारिश हो रही है, वहीं नैनीताल और पिथौरागढ़ में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कुमाऊं के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का झोंका भी चल सकता है।

उत्तराखंड नैनीताल Weather Update : कुमाऊं में बूंदाबांदी शुरू, 48 घंटे पर्वतीय जिलों पर भारी गुजर सकते हैं, रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जारी की यह सलाह
भारी बारिश से संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने का खतरा बना रहेगा। इससे लिंक मार्ग बाधित हो सकते हैं। पहाड़ी इलाकों में बरसाती नाले और नदियों का बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे नदी, नालों के पास न जाएं, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, गरज और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें. साथ ही जरूरी न होने पर यात्रा को कुछ दिनों के लिए टालने की एडवाइजरी भी जारी की है। प्रशासन और आपदा विभाग को बचाव के उपाय तैयार रखने की सलाह दी गई है।
प्रमुख स्टेशनों के तापमान पर एक नजर
स्टेशन अधिकतम न्यूनतम
हल्द्वानी 32.6 23.6
नैनीताल 22.0 16.2
मुक्तेश्वर 19.7 13.8
अल्मोड़ा 28.0 17.1
चम्पावत 24.0 12.0
पिथौरागढ़ 25.6 16.0

