पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला मुनस्यारी-मिलम पैदल मार्ग ग्लेशियर टूटने से बाधित हो गया है. मपांग के पास भारी ग्लेशियर खिसकने से सीमावर्ती इलाकों में आवाजाही ठप हो गई है। मार्ग बंद होने से सीमा पर तैनात जवानों के साथ-साथ माइग्रेशन पर गए लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इतना ही नहीं चीन की सीमा को जोड़ने वाले लिपुलेख मार्ग पर कई जगहों पर ग्लेशियर से हिमखंड टूटने से आवाजाही ठप हो गई है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही मार्ग खोलकर आवाजाही को सुचारू कर दिया जाएगा ।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बाद ग्लेशियरों से हिमखंड टूटने शुरू हो गए है। मपांग के पास छिरकानी में ग्लेशियर के खिसकने से मुनस्यारी-मिलम मार्ग बंद हो गया है. इस रास्ते के बंद होने से सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ माइग्रेशन पर गए लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मार्ग से बर्फ हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मजदूरों को लगाया है। शुक्रवार तक सड़क खुलने की उम्मीद है। इसके बाद ही सीमावर्ती इलाकों में आवाजाही सुचारू होगी। इस मामले में मिलम के राजस्व उप निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट डिप्टी कलेक्टर को सौंप दी है.
वहीं लिपुलेख मार्ग पर हिमखंड को हटाने का काम बीआरओ द्वारा किया जा रहा है. जिलाधिकारी आनंद स्वरूप ने बताया कि ग्लेशियरों से हिमखंड टूटने से मिलम और लिपुलेख मार्ग बाधित हो गया है. कार्यकारिणी को इसे खोलने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही सीमावर्ती इलाकों में आवाजाही सुचारू होगी।

