देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी का राष्ट्रीय नेतृत्व सक्रिय हो गया है. इसी कड़ी में दो दिन उत्तराखंड के दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने शुक्रवार को राज्य सरकार के मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात कर उनके कार्यों का फीडबैक लिया. माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के साथ ही मुख्यमंत्री का किस सीट से चुनाव लड़ना बेहतर रहेगा, इस बारे में मंत्रियों के मन की थाह ली गई। शाम को उन्होंने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से भी मुलाकात की। इससे पहले प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के मीडिया और सोशल मीडिया सेल की बैठक में उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और सेवा भाव के साथ पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्य विपक्ष के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन बीजापुर गेस्ट हाउस में राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने मंत्रियों से उनके कामकाज की जानकारी मांगी। साथ ही कोविड के खिलाफ मिलकर लड़ने का संदेश भी दिया। देर शाम उन्होंने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से उनके जीएमएस रोड स्थित आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कोविड समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय भी मौजूद रहे.
इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रकोष्ठ की बैठक में कहा कि कोरोना काल में उत्तराखंड एवं अन्य राज्यों में भाजपा कार्यकर्त्ता मुस्तैदी से सेवा कार्य में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष आज सरकार का समर्थन करने के बजाय नकारात्मक सोच का परिचय दे रहा है। विपक्ष को सकारात्मक सोच की ओर उन्मुख होना चाहिए, इसलिए पार्टी के सेवा कार्यों का प्रचार होनाचाहिए।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, कुलदीप कुमार व सुरेश भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान आदि उपस्थित थे.
पूर्व सीएम त्रिवेंद्र से भी मिले संतोष
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर मुलाकात की. इस बैठक के बाद सियासी गलियारों में चर्चा है कि त्रिवेंद्र को पार्टी संगठन में कोई अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.

