देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में कोविड-19 की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है. हालांकि गांवों में खतरा बना हुआ है। वजह यह है कि कई ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर व्यवस्थाएं पूरी तरह ठप हैं. इसी के चलते देहरादून के प्रसिद्ध वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विपुल कंडवाल रविवार को चकराता के नागथात में देहरादून के दुर्गम इलाकों का दौरा करने पहुंचे, जहां उन्होंने आसपास के ग्रामीणों का हाल चाल जाना. साथ ही लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
मरीजों और डॉक्टर के बीच की दूरी

डॉ. विपुल कंडवाल ने पहाड़ समाचार टीम से बातचीत करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में लोग डॉक्टर के पास नहीं पहुंच पा रहे हैं. लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए चिकित्सा सुविधा दूर है। दूसरा, लोगों के मन में कई तरह के भ्रम हैं, जो ग्रामीणों और डॉक्टरों के बीच दूरियां पैदा कर रहे हैं।

डॉ. विपुल कंडवाल ने बताया कि जब वे गांव पहुंचे तो व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था. लोगों में यह भ्रांति है कि डॉक्टर के पास जाने से समस्या कम होगी, बल्कि और बढ़ेगी। डॉक्टर ने पहले गांव पहुंचकर ग्रामीणों की एक छोटी सी काउंसलिंग की, जिसमें उन्होंने गांव वालों की सारी शंकाओं को दूर किया. इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों का इलाज किया।

उन्होंने बताया कि वे लगातार ग्रामीणों का टेस्ट करा रहे हैं. सर्दी-जुकाम के लक्षणों के साथ-साथ कोविड-19 एंटीजन टेस्ट करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

लहर दो हफ्ते पहले गांव से गुजरी थी

डॉ. विपुल कंडवाल ने कहा कि ग्रामीणों के लिए डॉक्टर से संवाद करना बेहद जरूरी है. एक डॉक्टर जब किसी बात को कहता है, तो उसका असर व्यक्ति पर पड़ता है । उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि 2 हफ्ते पहले गांव के ज्यादातर लोग बीमार थे. हालांकि अब धीरे-धीरे सब ठीक हो रहा है। डॉ. विपुल ने कहा कि डॉक्टर को गांव ले जाना बेहतर विकल्प है. जिसको लेकर उन्होंने इसी क्षेत्र से आने वाले बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल का आभार व्यक्त किया |

बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल ने भी डॉ. विपुल कंडवाल का आभार व्यक्त किया
बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल ने भी डॉ. विपुल कंडवाल का शुक्रिया अदा किया. कहा कि वह अपने व्यस्ततम समय में से उनके क्षेत्र की जनता को समय देने के लिए वह डॉक्टर विपुल कंडवाल के आभारी हैं। उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी धन्यवाद दिया।