समूचे देवभूमि उत्तराखंड में जबरदस्त बारिश के बाद अब ऋषिकेश में भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है जो अब खतरे के निशान तक जा पहुंचा है। दरअसल पर्वतीय क्षेत्रों में मूसलाधार बरसात से गंगा का जलस्तर रात्रि में और भी बढ़ने की आशंका है। इसको देखते हुए प्रशासन और पुलिस सकते में आ गई है और पुलिस ने गंगा नदी से सटे इलाकों को खाली करवा दिया है। वहीं, गंगा घाटों को भी पूरी तरह से खाली किया जा रहा है। इस समय गंगा का जलस्तर नापने पर वह चेतावनी रेखा से ऊपर नीचे पाया गया। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, गंगा चेतावनी रेखा 349.50 मीटर से करीब 1 मीटर 30 सेंटी मीटर ऊपर है जो डेंजर लेवल से 6 सेंटीमीटर कम है। आयोग ने गंगा का जलस्तर रात्रि में बंढ़ने की आशंका जताई है। ऋषिकेश का त्रिवेणी घाट का आरती स्थल पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। साथ ही परमार्थ के घाट भी जलमग्न हो गए हैं। लक्ष्मण झूला, स्वर्ग आश्रम आदि सभी घाट गंगा के जल से डूब गए हैं। हर घाट पर पुलिस ने अनाउसमेंट कर घर खाली कराए ओर चेतावनी दी कि घाट के पास कोई नही जाए।