रुद्रप्रयाग नगर में ज्वैलर्स की दुकान से की गई चोरी के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक फरार की तलाश जारी है। चोरों को पकड़ने में कामयाब पुलिस टीम ने आरोपियों से चोरी किया गया माल भी बरामद किया है। इधर पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने पुलिस टीम को उचित पारितोषिक देने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग नगर में ज्वैलर्स व्यापारी राकेश वर्मा निवासी मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग द्वारा कोतवाली रुद्रप्रयाग में आकर शिकायत की गई थी कि बीते 19 जून की रात उनकी मुख्य बाजार स्थित गणेश ज्वैलर्स दुकान का शटर तोड़कर दुकान के अंदर से चोरों द्वारा गहने और अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कोतवाली रुद्रप्रयाग में अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया। मुख्य बाजार में हुई चोरी की घटना पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग की तत्काल टीम का गठन किया गया। SP के निर्देशों पर कोतवाली रुद्रप्रयाग द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन कर कुछ टीमों को जनपद से बाहर तथा कुछ टीम जनपद के अन्दर धरपकड़ के लिए गठित की गईं। जनपद के अंदर भी सभी थाना क्षेत्रों में सख्ती से वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चैकिंग शुरू की गई। 22 जून को रुद्रप्रयाग में पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को प्रभारी निरीक्षक कुंवर सिंह बिष्ट एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह कुमाईं द्वारा रोकते हुए चैक किया गया। कुछ हरकतें संदिग्ध होने पर उन्हें कोतवाली लाकर सख्ती से पूछताछ की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. शमशेर (उम्र 23 वर्ष) पुत्र जुल्फिकार निवासी मोहल्ला डांडी, रामपुर चुंगी के पास, थाना गंगनहर जनपद हरिद्वार और फरमान (उम्र 27 वर्ष) पुत्र शौकत निवासी उपरोक्त शामिल है। जबकि मो. फारुख पुत्र जगूं निवासी डांडी मोहल्ला रामपुर चुंगी के पास, जनपद हरिद्वार फरार है। इसकी धरपकड़ के लिए जिले की पुलिस लगातार प्रयास में जुटी है। इधर, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। उनके द्वारा बताया गया कि हम दोनों व एक अन्य साथी फारुख 19 जून की रात्रि को गोपेश्वर चमोली से रुद्रप्रयाग आया था। रात्रि में उनके द्वारा ट्रक को रुद्रप्रयाग बाजार में खड़ा कर ट्रक की रौड निकालकर ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखे गहने चुरा लिए गए। इसके बाद वे रात्रि में रुद्रप्रयाग से निकल गए किंतु रात्रि में नरकोटा के पास सड़क बंद होने के कारण वहां से वापस आकर तिलवाड़ा-मयाली घनसाली मार्ग से हरिद्वार जाने के लिए निकले। मयाली एवं घनसाली के बीच ट्रक खराब होने के कारण वे ट्रक को वहीं खड़ा करके सामान को ट्रक में ही छिपाकर चले गए थे। अब मोटरसाइकिल से सामान एवं ट्रक को लेने के लिए रुद्रप्रयाग आ रहे थे। इन दोनों की निशानदेही पर घनसाली मयाली रोड के बीच खड़े हुए ट्रक सहित इनके द्वारा चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से 2,85,000 का सामान तथा ज्वैलरी बरामद की है।
अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली रुद्रप्रयाग से वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह कुमाईं, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रभारी सर्विलांस सैल से उपनिरीक्षक राजीव चैहान, चैकी प्रभारी घोलतीर उपनिरीक्षक ललित मोहन भट्ट, कोतवाली रुद्रप्रयाग से आरक्षी धर्मवीर सिंह, कोतवाली रुद्रप्रयाग से आरक्षी सुरेंद्र सिंह, आरक्षी देवेंद्र सिंह शामिल हैं। सम्पूर्ण पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल द्वारा उचित पारितोषिक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है।
ज्वैलर्स की दुकान में चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार, पुलिस ने आरोपियों से 2,85,000 का सामान और ज्वैलरी की बरामद
You may also like


Recent Comments