मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

यमुना पेयजल योजना के तहत ठेकेदारों द्वारा अनियमितता की बातें सामने आ रही हैं. आरोप है कि पाइप लाइन बिछाने का काम ऐसे ठेकेदार कर रहे हैं जिनके पास इस काम का अनुभव नहीं है. नतीजा यह है कि पेयजल लाइन बिछाने का काम मुख्य ठेकेदार द्वारा कई टुकड़ों में बांटकर किया जा रहा है. इस काम के दौरान पहले से बिछाई गई लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

अधिकारी फोन नहीं उठा रहे

इसके चलते मसूरी के कई इलाकों में पीने के पानी की समस्या पैदा हो गई है. इस संबंध में कई बार जल निगम के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा।

लोगों ने लगाया गड़बड़ी का आरोप

लोगों का आरोप है कि मसूरी यमुना पेयजल योजना में जल निगम के अधिकारी ठेकेदारों के साथ मिलकर भारी भ्रष्टाचार कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्य अनुभवहीन ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, जिससे पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है. सड़कों पर चल रहे उत्खनन कार्य से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं पूर्व में भी लोग ठेकेदारों के खिलाफ शिकायत कर चुके हैं।

इन इलाकों में पेयजल की समस्या

मसूरी गढ़वाल जल संस्थान के सहायक अभियंता पीएस रावत ने कहा कि जल निगम के ठेकेदार पेयजल लाइन बिछाने के लिए बेतरतीब ढंग से खुदाई कर रहे हैं. जिससे जल संस्थान की मौजूदा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो रही है। इससे बार्लोगंज, मैरिविल स्टेट, गन हिल क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है. फिलहाल इन इलाकों में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है.

अगर इसी तरह से लापरवाही बरती गई तो पेयजल की समस्या विकराल रूप ले सकती है। जल निगम से लीकेज पाइप को ठीक करने में 2 से 3 दिन का समय लगने की संभावना है।