नशीली दवाओं के विरुद्ध अपना अभियान जारी रखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने पथरी थाना क्षेत्र के घिस्सूपुरा में एक मेडिकल स्टोर पर अचानक छापेमारी की। छापेमारी में जो सच सबके सामने आया, वह सबको हैरान कर देने वाला था बाहर किसी एमबीबीएस डॉक्टर गर्ग का बोर्ड और अंदर कोई राजकुमार चटर्जी डॉक्टर बनकर लोगों को दवाएं दे रहा है। केवल यही नहीं बल्कि उसके पास से 10 हजार नशीली टेबलेट भी मिली हैं। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि हमें पिछले कुछ समय से शिकायत मिल रही थी कि इस क्षेत्र में कुछ मेडिकल स्टोर नशीली दवाओं का कारोबार करते हैं, जिससे यहां के युवाओं में नशे की लत भी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते शुक्रवार को घिस्सूपुरा में कब्रिस्तान के सामने एक दुकान पर छापेमारी की गई ,जिसमें से करीब 10,000 प्रतिबंधित नशीली दवाओं की टेबलेट मिली हैं जो अपने आप में एक बहुत बड़ी खेप है। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि मौके पर पथरी थाने पुलिस को बुलाकर आरोपी राजकुमार चटर्जी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उसके पास मिली सभी दवाओं को सील कर टेस्टिंग के लिए भी सैंपल भेज दिया गया है। जल्द ही इस क्षेत्र में और छापेमारी की जाएगी, ताकि नशीली दवाओं के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और आने वाली युवा पीढ़ी को इस नशाखोरी से दूर रखा जा सके।