देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अभी तक सिर्फ कोविड मरीजों को ही भर्ती किया जा रहा था. लेकिन अब कोरोना के एक्टिव केस कम हो गए हैं. वहीं अस्पताल प्रबंधन पहले की तरह अस्पताल संचालन की दिशा में काम कर रहा है.

आपको बता दें कि अभी तक दून अस्पताल में सुबह 8 से 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन होता है और दोपहर 12 बजे तक मरीज देखे जाते हैं. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ओपीडी का समय एक जुलाई से बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है.

सामान्य मरीजों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू

सोमवार से सामान्य मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के सी पंत के अनुसार सामान्य ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले गैर-कोविड मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि पहले इन मरीजों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जाएगा, ताकि अगर कोई मरीज संक्रमित पाया जाता है तो उसे आयुष्मान वार्ड में भर्ती किया जाएगा और सामान्य रिपोर्ट आने पर उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा.

ओपीडी का समय बढ़ाने की तैयारी

इस समय दून अस्पताल में रोजाना करीब 600 मरीज पहुंच रहे हैं। जिसके बाद दून अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. ऐसे में अस्पताल प्रबंधन भी ओपीडी का समय बढ़ाने पर विचार कर रहा है। स्थिति बेहतर होती रही तो एक जुलाई से ओपीडी का समय 8 से 2 बजे तक सामान्य टाइम के अनुसार निर्धारित कर दिया जाएगा ।

सर्जरी के मरीजों का भी होगा ऑपरेशन

दून अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक अस्पताल की ओर से बढ़ाया गया ये कदम सर्जरी ओपीडी की तरफ बढ़ने वाला कदम है . ऑपरेशन के मरीजों को जब इंडोर में भर्ती किया जाएगा तो जरूरत के मुताबिक ऑपरेशन किया जाएगा।

उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ओपीडी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अस्पताल की ओपीडी में करीब 600 मरीज पहुंच रहे हैं। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को आने वाले मरीजों की संख्या-

• मेडिसिन ओपीडी में 72 मरीज पहुंचे.
• स्त्री रोग विभाग में 89 मरीज पहुंचे.
• ऑर्थो ओपीडी में 57 मरीज पहुंचे.
• सर्जरी की ओपीडी में 49 मरीज पहुंचे.
• स्किन ओपीडी में 40 मरीज पहुंचे.
• आई डिपार्टमेंट में 13 मरीज पहुंचे.
• डेंटल ओपीडी में 15 मरीज पहुंचे.
• पीडियाट्रिक ओपीडी में 13 मरीज पहुंचे.
• न्यूरो ओपीडी में 32 मरीज पहुंचे.
• मानसिक रोग ओपीडी में 20 मरीज पहुंचे.
• टीबी एंड चेस्ट ओपीडी में 15 मरीज पहुंचे.
• हृदय रोग विभाग में 11 मरीज पहुंचे.