देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
राज्य सरकार के एसओपी के मुताबिक दून में जिम के बाद शॉपिंग मॉल भी खुल गए हैं। पहले दिन अधिकतर माल में कार्मिकों की संख्या 50 फीसद के करीब दिखी और ग्राहक भी सीमित संख्या में पहुंचे । दून के बाजार को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। कोरोना कर्फ्यू में ढील के बाद बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी है. स्थानीय बाजार में खरीदारों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि लंबे समय बाद खोले गए शापिंग माल में भी रौनक लौटेगी।
हालांकि ऐसा कहीं देखने को नहीं मिला। अधिकांश शॉपिंग मॉल में खरीदारों की संख्या काफी कम रही। इसके पीछे कारोबारी कोरोना के असर को कारण मान रहे हैं। क्योंकि दैनिक आवश्यकताओं की खरीदारी जरूरी है और ऐसे प्रतिष्ठानों पर भीड़भाड़ रहती है। वहीं लोग दैनिक जरूरतों के अलावा अन्य प्रकार की वस्तुओं की खरीदारी में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
हालांकि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए माल संचालकों ने सभी इंतजाम कर लिए हैं। अधिकांश माल व्यापार प्रतिष्ठान 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जा रहे हैं और कर्मियों की संख्या भी उसी के अनुरूप दिखाई दे रही है। वहीं, माल संचालकों का भी मानना है कि आने वाले कुछ दिनों में खरीदारी की स्थिति सामान्य हो सकती है।


Recent Comments