देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के साथ बैठक के दौरान कहा कि उत्तराखंड में सेना की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. उन्होंने उत्तराखंड में सीमा सड़क संगठन की मुख्य शाखा और सहायक शाखा खोलने का भी आश्वासन दिया।

उत्तराखंड सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को नई दिल्ली में चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत से मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कोरोना के चलते भर्ती प्रक्रिया का आयोजन नहीं हो रहा है. इस पर सीडीएस ने जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को शुरू करने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री ने देहरादून में बनने वाले सैन्य धाम को और भव्य बनाने के लिए सेना के निष्प्रयोज्य सैन्य उपकरण देने का अनुरोध किया। इस पर जनरल रावत ने कहा कि सैनिक धाम के निर्माण के लिए बनाई गई ड्राइंग को सेना मुख्यालय भेजा जाए, ताकि ड्राइंग के अनुसार ही सैन्यधाम के लिए निष्प्रयोज्य सैन्य उपकरण भेजे जा सकें। कैबिनेट मंत्री ने सीडीएस से सेना की टीए बटालियन के माध्यम से छह हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर अखरोट के पेड़ और 10 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर चिलगोजे के पेड़ लगाने का भी अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि मसूरी में अखरोट और जोशीमठ जैसी जगहों पर चिलगोजे के पेड़ लगाए जा सकते हैं. जनरल रावत ने गणेश जोशी को कैबिनेट मंत्री बनने पर बधाई दी।