मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी द्वारा बन रहे निर्माणाधीन बिल्डिंग का पुश्ता बीती देर रात अकादमी रोड पर गिर गया . पुश्ते के ढहने से साथ ही एक बड़ा पेड़ भी गिर गया । जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। सड़क जाम होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं मसूरी दमकल सेवा द्वारा देर रात पेड़ काटकर छोटे वाहनों के लिए रास्ता बनाया गया है, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है. जिससे यमुनोत्री, पुरोला, कैंपटी और नैनबाग आदि जगहों पर जाने वाले बड़े वाहन और बसें फंस गई हैं. इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मसूरी में लगातार हो रही बारिश ने कई जगहों पर भूस्खलन और मलबा आने से मार्ग बाधित हो गए हैं। उधर, मसूरी अकादमी रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के नवनिर्मित बिल्डिंग का पुश्ता ढह जाने के चलते बड़े वाहन फंस गए । जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग व अकादमी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क पर टूटे पुश्ते को हटाकर यातायात सुचारू करने का प्रयास कर रहे हैं. लेकिन लगातार हो रही बारिश से काम करने में दिक्कत हो रही है।

वहीं, त्यूनी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग 707-ए कैंपटी फॉल के कांडीखाल के पास भारी भूस्खलन होने से मार्ग बाधित हो गया । सड़क पर मलबा होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारी जेसीबी के जरिए मार्ग पर मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं। कैंपटी पुलिस मौके पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में लगी है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर मलबा हटाने में दिक्कतें आ रही हैं.

वहीं कैंपटी थाना प्रभारी नवीन जुराल ने बताया कि आज सुबह त्यूनी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग 707-ए पर पहाड़ी टूटने से मलबा आ गया है. जिससे मार्ग बाधित हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों द्वारा जेसीबी मशीन के माध्यम से मार्ग पर मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मार्ग को सुचारू कर लिया जाएगा .