देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को राजभवन में सरकारी अधिकारियों और विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक की. इस दौरान राज्यपाल ने कुलपतियों से विश्वविद्यालय की आय बढ़ाने के संबंध में जानकारी मांगी. इस पर कुलपतियों ने कहा कि उनकी ओर से सर्टिफिकेट कोर्स, ट्रेनिंग मॉड्यूल और अन्य प्रक्रियाओं से कुछ आमदनी हुई है.

वहीं, इस दौरान राज्यपाल ने बैठक में मौजूद शासन के अधिकारियों को शासन स्तर पर विश्वविद्यालयों के प्रस्तावों, फाइलों पर अनावश्यक विलंब न करने और स्वीकृतियों के लिए समय पर निर्णय करने के निर्देश दिये . साथ ही कुलपतियों को शासन में लंबित प्रस्तावों की सूची राजभवन भिजवाने के निर्देश दिए।

आपको बता दें कि, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बैठक में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में साल 2010 की नियुक्ति प्रक्रिया की जांच की जानकारी ली, साथ ही कार्मिकों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दिए जाने के प्रकरण के निस्तारण के संबंध में भी जानकारी ली . इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपतियों की ओर से बताया गया कि मामला अब जिला न्यायालय में विचाराधीन है. वहीं, 2016 की नियुक्ति प्रक्रिया की जांच रिपोर्ट अब सरकार के पास पहुंच गई है.