मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में अभी भी कोरोना का संक्रमण खत्म नहीं हुआ है. कोरोना काल में भी मसूरी और देहरादून जिले के पर्यटन स्थलों में वीकेंड पर पर्यटकों की लगातार भीड़ देखने को मिल रही है. पर्यटकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी की है.

आपको बता दें कि जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के बाद अब एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत ने भी वीकेंड पर मसूरी में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है.

एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कि वीकेंड व अवकाश के दिनों में पर्यटक स्थलों पर केवल उन्हीं व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास कोविड-19 आरटीपीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट, स्मार्ट सिटी पोर्टल में रजिस्ट्रेशन और होटल बुकिंग संबंधी दस्तावेज उपलब्ध होंगे । जिला पुलिस द्वारा कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शुरू की गई इस व्यवस्था में सभी से अपना सहयोग देने की अपील की है.

आपको बता दें कि मसूरी और देहरादून जिले के पर्यटक स्थलों पर वीकेंड के दिनों में पर्यटकों के लगातार भीड़ देखते हुए देहरादून पुलिस द्वारा बॉर्डर पर रविवार को चेकिंग अभियान चलाया गया था , अभियान के तहत सैकड़ों पर्यटकों को वापस लौटाया गया था . इस दौरान पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसके चलते देहरादून एसएसपी ने वीकेंड पर मसूरी और देहरादून जिले के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों से वीडियो के जरिए अपील की है. साथ ही सभी को गाइडलाइन से संबंधित दस्तावेज को उपलब्ध कराने के बाद ही पर्यटक स्थलों पर वीकेंड के दिनों में आने की बात कहीं है. जिससे पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

आपको बता दें कि जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने भी वीकेंड पर मसूरी में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है. उन्होंने कहा था कि मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए 72 घंटे पहले कोरोना निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट, देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और होटल में बुकिंग भी पिछले सप्ताह की तरह अनिवार्य रहेगी . डीएम ने मसूरी, सहस्रधारा और गुच्चुपानी जैसे पर्यटन स्थलों पर सप्ताहांत पर नदियों, तालाबों और झरनों में पर्यटकों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है.