देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) इस सत्र की सभी वार्षिक परीक्षाएं ओएमआर शीट में स्नातक और स्नातकोत्तर सहित आयोजित कराएगा । स्नातक कक्षा के प्रत्येक विषय के दो पेपरों की परीक्षा भी एक साथ होगी। यूओयू ने सत्र 2020-21 की वार्षिक परीक्षाएं कराने की तैयारी शुरू कर दी है। कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी की अध्यक्षता में बुधवार को परीक्षा समिति की बैठक हुई . समिति ने निर्णय लिया कि वार्षिक परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसमें सर्टिफिकेट के अलावा डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, फाइनल सेमेस्टर और स्नातक/स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के अंतिम वर्ष के उम्मीदवार भाग लेंगे। शेष कक्षाओं के छात्रों को असाइनमेंट के आधार पर पदोन्नत किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. पीडी पंत ने बताया कि स्नातक स्तर पर प्रत्येक विषय के दो-दो प्रश्नपत्रों की परीक्षा एक साथ कराई जाएगी। उदाहरण के लिए अगर बीए तृतीय वर्ष में इतिहास के दो पेपर हैं तो दोनों पेपर एक साथ दो सेक्शन में होंगे। जिन्हें एक-एक घंटे में हल करना होता है। एक खंड में दो-दो अंकों के 40 प्रश्न होंगे। कहा कि इस परीक्षा में करीब 61 हजार उम्मीदवार शामिल होंगे। इन सभी छात्रों के ऑनलाइन सत्रीय कार्य 26 जुलाई से शुरू करा दिए जाएंगे । बैठक में कुलसचिव प्रो. एचएस नयाल, प्रो. एलके सिंह, प्रो. पीएस बिष्ट, प्रो. एचपी शुक्ल, प्रो. दुर्गेश पंत, प्रो. गिरीजा पांडेय, प्रो. एके नवीन, वित्त नियंत्रक रूचिता तिवारी आदि उपस्थित थे।

