देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड आईएफएस एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है , अपर मुख्य वन संरक्षक कपिल लाल को एक बार फिर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं वन संरक्षक धीरज पांडे को महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है.
देहरादून वन मुख्यालय के मंथन सभागार में आईएफएस एसोसिएशन की बैठक बुलाई गई, मुख्य वन संरक्षक राजीव भरतरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नई कार्यकारिणी पर मंथन हुआ. इस दौरान सबसे पहले आईएफएस एसोसिएशन के मौजूदा अध्यक्ष कपिल लाल ने कार्यकारिणी को बंद करने का ऐलान किया. जिसके बाद नई कार्यकारिणी का चयन किया गया, जिसमें एक बार फिर आईएफएस अधिकारी कपिल लाल को एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी के लिए चुना गया।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष के रूप में मुख्य वन संरक्षक निशांत वर्मा को जिम्मेदारी दी गई, जबकि महासचिव पद के लिए वन संरक्षक धीरज पांडे के नाम पर सहमति बनी। इसके अलावा संयुक्त सचिव उप वन संरक्षक धर्म सिंह मीणा बने और कोषाध्यक्ष के तौर पर नीतीश मणि त्रिपाठी को चुना गया | एसोसिएशन के कार्यकारिणी गठन के दौरान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी वेबीनार के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।

