मसूरी में तेज गति से वाहन चलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

मसूरी। पर्यटन सीजन में मसूरी के मालरोड और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में तेज गति से चलने वाले वाहनों और दुपहिया वाहनों पर नियंत्रण के लिए सीओ मसूरी, मनोज असवाल की अध्यक्षता में कोतवाली में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और रेंटल स्कूटी संचालकों सहित अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतिबंधित समय के दौरान मालरोड पर वाहनों और दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, तेज रफ्तार से स्कूटी चलाने, और बिना लाइसेंस या हेलमेट के दुपहिया संचालन जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

सीओ ने कहा कि पर्यटन और वीकएंड सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती होती है, जिसे बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस बल की कमी को देखते हुए पीएसी की तैनाती की गई है और अतिरिक्त सिविल पुलिस की मांग की गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जागरूकता अभियान के बाद यदि नियमों का उल्लंघन जारी रहता है, तो पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी। बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
लैंढौर, कुलड़ी और लाइब्रेरी क्षेत्र में ट्रैफिक की अधिक समस्या को ध्यान में रखते हुए सुझावों को लागू किया जाएगा। अवैध रूप से टैक्सी या प्राइवेट स्कूटी चलाने वालों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।

सीओ ने निर्देश दिए कि मालरोड के किनारे दोपहिया या चारपहिया वाहनों की पार्किंग बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने पर वाहन सीज कर दिए जाएंगे।

इस बैठक में होटल एसोसिएशन के सचिव अजय भार्गव, आशीष गोयल, राजकुमार कन्नौजिया, व्यापार संघ के महामंत्री जगजीत कुकरेजा, टैक्सी यूनियन के देवेंद्र नौटियाल, नागेंद्र उनियाल, एसएसआई और स्कूटी संचालक मौजूद रहे।