मसूरी। मसूरी लीज एंड रेंट एसोसिएशन ने नगर पालिका परिषद, मसूरी को ज्ञापन सौंपते हुए लीज किरायों में की जा रही अत्यधिक वृद्धि पर गहरी आपत्ति दर्ज की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बीते पांच वर्षों में लीज धारकों पर पहले ही कई बार किराए बढ़ाने का बोझ डाला जा चुका है। वर्ष 2023 में 25% से 20% तक की वृद्धि की गई थी और अब नए नगर पालिका बोर्ड के गठन के बाद पुनः 20% की वृद्धि प्रस्तावित की गई है, जिससे व्यापारी वर्ग में गहरा आक्रोश है।


ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगे रखी गई हैं:
1. इस वर्ष किराए में कोई वृद्धि न की जाए क्योंकि पहले ही दो वर्ष पूर्व वृद्धि हो चुकी है।
2. किराए में बढ़ोतरी का चक्र पांच वर्ष के अंतराल पर होना चाहिए, जैसा पहले हुआ करता था।
3. जिन दुकानों की हालत खराब है या जो लंबे समय से बंद हैं, उन्हें भी मरम्मत की आवश्यकता है।
4. बंद दुकानों को पुनः किरायेदारों को ही आवंटित किया जाए, अन्यथा गलत तरीके से पुनः आवंटन न किया जाए।
5. छोटे व्यापारियों को राहत दी जाए, क्योंकि उनकी आर्थिक स्थिति अभी भी डगमगाई हुई है।
राणा ने यह भी कहा कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है और बार-बार किराया बढ़ने से छोटे व्यापारियों की कमर टूट रही है। एसोसिएशन ने नगर पालिका से जनहित में निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है।

