देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड सरकार भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को 25 लाख रुपये देगी. उत्तराखंड सरकार ने वंदना कटारिया को सम्मान राशि के रूप में 25 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

बता दें कि वंदना कटारिया हरिद्वार जिले के रोशनाबाद की रहने वाली हैं। वंदना कटारिया ओलंपिक में गोल की हैट्रिक लगाने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की पहली खिलाड़ी हैं।

शुक्रवार को देहरादून की ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने भी वंदना को 11 लाख रुपए दिए हैं। इसके अलावा 8 अगस्त को उत्तराखंड की 22 महिलाओं को टीलू रौतेली पुरस्कार दिया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया का नाम शामिल है।

टोक्यो ओलंपिक में हैट्रिक लगाने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की इकलौती खिलाड़ी वंदना कटारिया ने कहा कि बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने उनके घर के बाहर आतिशबाजी करने के साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने वालों को महामूर्ख करार दिया और कहा कि ऐसी शर्मनाक हरकत करने वालों को देश जवाब देगा। अपने परिवार के सदस्यों को सलाह दी कि वे परेशान न हों और संयम बरतते हुए इस पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया न दें।