मसूरी।
महान समाज सुधारिका अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा मंडल मसूरी की ओर से टिहरी बस स्टैंड और बारह कैंची क्षेत्र की बस्तियों में महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए। इस अवसर पर महिलाओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने किया। उनके साथ भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने स्थानीय बस्तियों में जाकर महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के विषय में जागरूक किया और नैपकिन वितरित किए।

रजत अग्रवाल ने बताया कि भाजपा मसूरी मंडल द्वारा 31 मई तक अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके योगदान को सम्मान देने की भावना से प्रेरित है।

इस मौके पर कार्यक्रम संयोजिका जसोदा शर्मा, उपसंयोजिका कमला थपलियाल, दर्शनी सेमवाल, सीता पंवार, अनीता धनाई सहित कई महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल महिलाओं को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना था, बल्कि उनके स्वास्थ्य, अधिकार और आत्मनिर्भरता को लेकर एक सकारात्मक संदेश देना भी था।