नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने किया उद्घाटन, बताया महिला सशक्तिकरण की प्रतीक
मसूरी। महान मराठा शासिका अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर मसूरी में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने किया।
उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मीरा सकलानी ने अहिल्याबाई होल्कर को महिला सशक्तिकरण की मिसाल, एक कुशल शासक और प्रशासनिक क्षमता की प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “अहिल्याबाई होल्कर ने न सिर्फ शासन को जनहित में चलाया बल्कि सामाजिक और धार्मिक पुनर्निर्माण कार्यों में भी ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका जीवन आज की महिलाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है।”
प्रदर्शनी में अहिल्याबाई के जीवन, कार्यों और उनके शासनकाल की झलक दिखाने वाले चित्रों, दस्तावेजों और दुर्लभ सामग्री को प्रस्तुत किया गया है। आयोजन में स्थानीय स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं इतिहास प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
इस अवसर पर नगर के बुद्धिजीवियों और कलाकारों ने भी अहिल्याबाई की विरासत पर अपने विचार साझा किए और उनके योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अमित भट्ट सभासद, अनीता सक्सेना अदि लोग मौजूद रहे।

