देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली हरिद्वार की रहने वाली वंदना कटारिया बुधवार सुबह अपने घर पहुंचेंगी। वंदना कटारिया हवाई मार्ग से दिल्ली से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से वह सड़क मार्ग से रोशनाबाद के लिए रवाना होंगी।
वंदना कटारिया सोमवार शाम टोक्यो से नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले अपने घर फोन किया। उन्होंने अपने छोटे भाई सौरभ कटारिया से बात कर परिवार का हालचाल जाना और घर आने का शेड्यूल बताया. सौरभ कटारिया ने बताया कि वंदना बुधवार सुबह दिल्ली से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी. उनकी दिल्ली से सुबह 7.30 बजे फ्लाइट है, जो 8:30 बजे देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेगी। एयरपोर्ट पर परिजन उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह घर जाएगी।
जानिए वंदना के बारे में
वंदना कटारिया एक अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हैं। उनका परिवार हरिद्वार के रोशनाबाद में रहता है। हरिद्वार भेल से सेवानिवृत्त होने के बाद वंदना के पिता ने रोशनाबाद में दूध का कारोबार शुरू किया। उनके संरक्षण में वंदना कटारिया ने हॉकी के अपने सफर की शुरुआत रोशनाबाद से की। उस समय गांव में वंदना के इस कदम पर स्थानीय लोगों ने परिवार सहित उनका खूब मजाक उड़ाया था. पिता नाहर सिंह और मां सोरण देवी ने इसकी परवाह न करते हुए वंदना के सपने को साकार करने के लिए हर कदम पर उसकी सहायता की ।
बेटी बचाओ, बेटी पढाओ के हाल ही में नियुक्त ब्रांड एंबेसडर
खेल मंत्री अरविंद पांडे रविवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के रोशनाबाद स्थित घर पहुंचे। उन्होंने वंदना की मां सोरण देवी, भाई चंद्रशेखर कटारिया, लखन कटारिया, पंकज, सौरभ आदि को फूल भेंट कर शॉल पहनाकर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वंदना कटारिया को उत्तराखंड में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा के बाद शिक्षा मंत्री ने संबंधी प्रमाण पत्र परिजनों को सौंपा.
Recent Comments