चमोली , PAHAAD NEWS TEAM.
प्राकृतिक सुंदरता यहां का मुख्य आकर्षण है. चमोली जिला प्रशासन ने कर्णप्रयाग प्रखंड स्थित खूबसूरत जगह बेनीताल को एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित करने की कवायद तेज कर दी है. समुद्र तल से करीब 2600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बेनीताल में टेलिस्कोप लगने के बाद रात को आसमान में तारे और ग्रहों को आसानी से देखा और पहचाना जा सकेगा।
पर्यटन विभाग के माध्यम से खगोलीय घटनाओं को करीब से देखने के लिए बेनीताल में बड़ी दूरबीनें लगाई जाएंगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए बेनिकाॅटेज, पाथवे, टेंट प्लेटफार्म, नाईट विजन डाॅम, रेस्टोरेंट, रिसेप्शन व टूरिस्ट वाहनो के लिए दो पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा । इस स्थल को एस्ट्रो विलेज बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने गढ़वाल मंडल विकास निगम को जिम्मेदारी सौंपते हुए 5 करोड़ की डीपीआर सरकार को भेजी है. इसके साथ ही यहां वन भूमि के हस्तांतरण की प्राथमिक मंजूरी भी मिल गई है।
जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने एस्ट्रो विलेज के प्रस्तावित कार्यों एवं बेनीताल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए गुरुवार को बेनीताल का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए कि पर्यटन गतिविधियों को लेकर यहां जो कार्य तत्काल प्रभाव से किए जा सकते हैं, उन्हें जल्द शुरू किया जाए. सिमली से बेनीताल मोटर मार्ग की मरम्मत के साथ-साथ मार्ग पर साइनेज भी लगाया जाए। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस खूबसूरत जगह तक पहुंच सकें।
बेनीताल की खूबसूरत घाटी अपने आसपास की खूबसूरती से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। एस्ट्रो विलेज बनने के बाद यहां पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय लोगों को होम स्टे संचालन और अन्य माध्यमों से अच्छा स्वरोजगार भी मिल सकेगा।

