कांडीखाल : राजकीय इंटर कॉलेज कांडीखाल में आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों का सम्मान किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विपरीत परिस्थितियों में भी जीत हासिल की है। सत्ता धारी भाजपा द्वारा धनबल और प्रशासनिक दबाव के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर क्षेत्रीय मुद्दों को उठाया और लोगों का विश्वास जीता।
विधायक नेगी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मूलभूत सुविधाओं का विकास और जनता से सीधा संवाद ही उनका लक्ष्य रहेगा।

उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि शिक्षा ही उन्नति का मजबूत अस्त्र है। सुनियोजित पढ़ाई से युवा देश-विदेश में बेहतर पदों पर पहुँचकर समाज व राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। समारोह में ग्यारहवीं की छात्राएँ प्राची, अदिति और अंशिका समेत कई प्रतिभावान छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने कहा कि विधायक विक्रम सिंह नेगी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में विकास कार्यों की नई रूपरेखा तैयार होगी और प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी स्नेहा नेगी, एडीओ पंचायत रविंद्र पाल सिंह, प्रधानाचार्य भरत सिंह रावत सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

