विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM

शहर के मुख्य बाजार में फुटपाथ पर अस्थाई अतिक्रमण व बेतरतीब वाहनों से जाम की समस्या दिनों दिन गंभीर होती जा रही है. फुटपाथ से लेकर सड़क तक व्यापारियों व दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण से बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं बाजार में आने वाले ग्राहकों को भी जाम के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

शहर के बाजार में अतिक्रमण की समस्या आम राहगीरों के लिए दिन पर दिन परेशानी का सबब बनती जा रही है. बाजार क्षेत्र में चलने के लिए बने फुटपाथ, जहां दुकानदारों ने अपनी दुकान का सामान सजाकर बंद कर दिया है. वहीं फुटपाथ पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों के खड़े होने से स्थिति काफी गंभीर होती जा रही है. शहर का मुख्य बाजार दिल्ली-यमनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। इससे महानगरों और राज्यों जैसे देहरादून, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली आदि से यमुनोत्री जाने वाले सभी वाहन बाजार के बीच से होकर गुजरते हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ग्राहक रोजाना खरीदारी के लिए बाजार में आते हैं। बाजार में अतिक्रमण के चलते इलाके में जाम की स्थिति भी बनी हुई है. इसका खामियाजा राहगीरों और बाजार क्षेत्र से होकर अपने गंतव्य तक जाने वालों को उठाना पड़ रहा है। बाजार में अतिक्रमण के मामले में मानवाधिकार एवं आरटीआई संघ के अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश देने का भी अनुरोध किया है.