मसूरी। हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट, केम्प्टी फॉल्स मसूरी में 28 से 30 मई 2026 तक वाइल्डनेस फर्स्ट एड (डब्ल्यूएफए) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह 16 घंटे का प्रमाणन पाठ्यक्रम यू.एस. स्कूल ऑफ सर्वाइवल के सहयोग से आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रसिद्ध पूर्व यूएस मरीन कॉर्प्स प्रशिक्षक जॉन डॉबिन्स प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को ऐसी परिस्थितियों में आपातकालीन जीवन रक्षक कौशल सिखाना है, जहां पेशेवर चिकित्सा सहायता समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय और आपदा संभावित क्षेत्रों के लिए इस प्रकार का प्रशिक्षण बेहद उपयोगी साबित होगा।
जॉन डॉबिन्स इससे पहले येल, डार्टमाउथ और कोलंबिया विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों को भी प्रशिक्षण दे चुके हैं। यह आवासीय पाठ्यक्रम प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करेगा।
रोटरी क्लब मसूरी ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले पांच छात्रों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। क्लब अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, संयोजक रजत अग्रवाल और निदेशक सुवीगया सभरवाल ने छात्रों के कौशल और प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस प्रशिक्षण में मसूरी से पायल नेगी, अमन नेगी, वरनिका मित्तल, अरनव बंसल और अस्मिता नौटियाल प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण का लाभ भविष्य में मसूरी और उत्तराखंड के लोगों को आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में मिलेगा।

