नैनबाग- नैनबाग के बांडासारी में खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान, समृद्ध भारत के सपने को साकार करने के लिए मृदा को बचाते हुए किसान की खुशहाली, फसल की उन्नति एवं राज्य की समृद्धि सुनिश्चित करना है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अभियान में खेतों में पॉवर वीडर के माध्यम से जुताई करते हुए स्थानीय कृषकों के साथ खेती बागवानी विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए, कृषकों की घेरबाड़, स्थानीय सड़क तथा कृषि एवं अन्य विभागीय मांग को यथाशीघ्र पूर्ण किए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित हुए कृषकों को संबोधित करते हुए बताया कि पूरे राज्य की समस्त न्याय पंचायतों में इस अभियान का संचालन किया जा रहा है तथा कृषकों को आवाहन करते हुए धरती माँ को बचाने तथा प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए जोर दिया । कृषि मंत्री ने मिलेट मिशन से कृषकों को जुड़ने तथा इस वर्ष के लिए लागू न्यूनतम समर्थन मूल्य 5209/- प्रति कुंतल पर स्थानीय समूह तथा एफ.पी.ओ. के माध्यम से सहकारिता विभाग को विक्री किए जाने हेतु अनुरोध किया गया ।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्र में किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। किसानों द्वारा खेतों तक पहुंच के लिए मोटर मार्ग निर्माण की मांग किए जाने पर कृषि मंत्री ने लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबाई के मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अति सघन बागवानी योजना के एक लाभार्थी किसान के खेत का भी निरीक्षण किया तथा वहां स्थापित सेब के बगीचे का अवलोकन किया। उन्होंने बागवानी के क्षेत्र में किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने टिहरी के जौनपुर क्षेत्र में किसानों द्वारा अपनाई जा रही क्लस्टर आधारित खेती पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा उनकी आय दोगुनी करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों, कृषकों को मृदा स्वास्थ्य प्रबन्धन एवं अभियान में अधिक संख्या में सम्मिलित होकर विभागीय योजनाओं से जुड़ कर लाभ प्राप्त करने हेतु अनुरोध किया गया। कार्यक्रम में कृषि तथा रेखीय विभागों द्वारा स्टाल लगाकर कृषकों को लाभान्वित किया गया ।

मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी द्वारा बताया गया कि कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 1-30 जून के बीच देशव्यापी “खेत बचाओ अभियान” चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से कृषकों को मिट्टी की उर्वरता बनाये रखने हेतु, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, टिकाऊ खेती पर विशेष बल दिया जा रहा है, साथ ही विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

विधायक धनौल्टी प्रीतम सिंह पंवार द्वारा कार्यक्रम में कृषकों को पारंपरिक खेती की ओर पुनः लौटने तथा प्राकृतिक खेती से जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, रानीचौरी के वैज्ञानिक, डा. आलोक येवले द्वारा मृदा स्वास्थ और कृषि तकनीको के बारे में विस्तार से उपस्थित कृषक समूह को जानकारी प्रदान की गई ।

कार्यक्रम में परम पर्वतीय कृषक मंच के द्वारा कृषकों को मिट्टी की सेहत सुधारने तथा उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किए जाने हेतु लघु नाटिकाओ के माध्यम से सुंदर प्रस्तुतिया देते हुए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता रावत, पूर्व जिला सहकारी बैंक टिहरी के अध्यक्ष सुभाष रमोला, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह, जौनपुर प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि, राजेश नौटियाल, प्रधान सुनीता देवी, सुनील सेमवाल, प्रधान सुचिता, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोनिका रावत, दीपेंद्र बिष्ट, बलवीर पंवार, देवेंद्र पंवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश पंवार, राजेश सजवाण, दिनेश राणा, भूपेंद्र गौड़,मनवीर सहित कई लोग उपस्थित रहे।