पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM

पंतनगर से पिथौरागढ़ के बीच 7 अक्टूबर से हेली सेवा शुरू हो सकती है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सांसद अनिल बलूनी के पत्र के जवाब में यह जानकारी दी है। वहीं पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सांसद अनिल बलूनी को हेली सेवा शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया है. चुफाल का कहना है कि पंतनगर के लिए हेली सेवा शुरू होने से सीमावर्ती जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई अड्डे से देहरादून, पंतनगर और हिंडन के लिए शुरू हुई हवाई सेवा 20 मार्च 2020 से पूरी तरह से बंद है। जिसके चलते हवाई सेवा को लेकर काफी समय से सवाल उठ रहे थे। वहीं, अब इस एयरपोर्ट से पंतनगर के लिए हेली सेवा शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सांसद अनिल बलूनी के पत्र के जवाब में 7 अक्टूबर से पंतनगर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की जानकारी दी है.

केंद्रीय मंत्री ने पत्र में यह भी बताया है कि उड़ान योजना के तहत हवाई जहाज के लिए देहरादून-पंतनगर, पिथौरागढ़-हिंडन और पिथौरागढ़-पंतनगर मार्गों का चयन किया गया है. वहीं, हेलीकॉप्टर सेवा के लिए पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर रूट को चुना गया है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा के लिए पवन हंस लिमिटेड का चयन किया है।