देहरादून- देहरादून-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर बद्रीपुर के पास बारिश के दौरान एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी। हादसे में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान घायल हो गईं। उनके अलावा वाहन में मौजूद ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, मधु चौहान शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे देहरादून से विकासनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुई थीं। बद्रीपुर फोरलेन क्षेत्र से आगे निकलने के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई और इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो नियंत्रण खोकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। मधु चौहान को उपचार के लिए धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उनके बाएं कंधे में गंभीर चोट लगी है, जबकि चालक और अन्य सवार को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की जानकारी मिलने पर विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान समेत कई समर्थक अस्पताल पहुंचे और मधु चौहान का हाल जाना। घटना के बाद अस्पताल में उनके परिचितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज बारिश के कारण सड़क पर हुई फिसलन बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि वाहन के नाले में गिरने के बावजूद किसी की जान नहीं गई और अन्य दोनों घायलों को हल्की चोटें आई हैं।

