कैम्पटी। टिहरी गढ़वाल के जौनपुर विकासखंड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज कैम्पटी के खिलाड़ियों ने देहरादून में आयोजित नेहरू हॉकी कप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-17 बालिका टीम ने कांस्य पदक, जबकि अंडर-15 बालक टीम ने रजत पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले खेले। अंडर-17 बालिका वर्ग में कैम्पटी की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, अंडर-15 बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।

दोनों टीमों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

टीम के कोच और टिहरी जिले के खेल समन्वयक विनोद नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और टीम भावना के साथ खेलते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत को इस सफलता का प्रमुख कारण बताया।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल और जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक बीपी सिंह ने भी खुशी जताई। दोनों अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों और कोच विनोद नेगी को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।