श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2022 में अब बहुत कम समय बचा है. ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है. तमाम राजनीतिक दल लोगों के बीच प्रचार में लगे हुए हैं. अभियान के शुरू होते ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं में अभद्र भाषा और पोस्टर फाड़ने की राजनीति भी शुरू हो गई है. पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एक दूसरे पर आरोप लगाने से नहीं चूक रहे हैं.

यूकेडी के कोषाध्यक्ष मोहन काला ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गुंडे तक करार दिया है। मोहन काला ने आरोप लगाया है कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबौ प्रखंड में आयोजित आम आदमी पार्टी की रैली में आप कार्यकर्ताओं ने यूकेडी के पोस्टर फाड़ दिए. नाराज मोहन काला अब कर्नल अजय कोटियाल समेत आम आदमी पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं को गुंडे बता रहे हैं.

उधर, आम आदमी पार्टी के संगठन मंत्री गजेंद्र चौहान ने इन आरोपों का खंडन किया है. यूकेडी के राज्य कोषाध्यक्ष मोहन काला को सलाह देते हुए उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी के किसी कार्यकर्ता ने कोई पोस्टर नहीं फाड़ा है. सारे आरोप झूठे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो वे कार्रवाई करें.